ऑस्कर के ‘इन मेमोरियम’ में धर्मेंद्र को नहीं मिली जगह:हेमा मालिनी बोलीं- धरमजी को इन अवॉर्ड्स की परवाह नहीं थी, दर्शकों का प्यार पुरस्कार था

ऑस्कर के ‘इन मेमोरियम’ में धर्मेंद्र को नहीं मिली जगह:हेमा मालिनी बोलीं- धरमजी को इन अवॉर्ड्स की परवाह नहीं थी, दर्शकों का प्यार पुरस्कार था

हॉलीवुड के प्रतिष्ठित अवॉर्ड समारोह अकादमी पुरस्कार के ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट को लेकर इस साल सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। इस सेगमेंट में उन कलाकारों को श्रद्धांजलि दी जाती है, जिनका हाल ही में निधन हुआ हो। हालांकि इस बार दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र का नाम इसमें शामिल नहीं किया गया, जिससे उनके फैंस नाराज हो गए। ऑस्कर समारोह के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि भारतीय सिनेमा के इतने बड़े स्टार को इस सेगमेंट में क्यों नहीं याद किया गया। धर्मेंद्र ने हिंदी सिनेमा में छह दशक से ज्यादा समय तक काम किया और कई यादगार फिल्में दीं। ऐसे में फैंस का कहना था कि उन्हें इस सम्मान में जरूर शामिल किया जाना चाहिए था। अब इस पूरे मामले पर धर्मेंद्र की पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में हेमा मालिनी ने कहा कि धर्मेंद्र को अपने करियर में अवॉर्ड्स से ज्यादा दर्शकों के प्यार की परवाह थी। हेमा ने कहा, “धरम जी को अपने लंबे करियर में बहुत ज्यादा अवॉर्ड्स नहीं मिले। फिर भी उन्होंने कभी इसकी शिकायत नहीं की। वे हमेशा कहते थे कि दर्शकों का प्यार ही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है। इसलिए मुझे नहीं लगता कि उन्हें ऑस्कर या किसी दूसरे अवॉर्ड की ज्यादा चिंता होती।” उन्होंने यह भी कहा कि लोग धर्मेंद्र को आज भी बहुत प्यार करते हैं और यही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। हेमा मालिनी के मुताबिक, किसी कलाकार के लिए दर्शकों का सम्मान और स्नेह किसी भी अवॉर्ड से बड़ा होता है। इस बीच कई फैंस ने सोशल मीडिया पर यह भी बताया कि ब्रिटेन के प्रतिष्ठित ब्रिटिश एकेडमी फिल्म पुरस्कार में ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट के दौरान धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी गई थी। इसे लेकर हेमा मालिनी ने खुशी भी जताई थी। धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में रोमांस, एक्शन और कॉमेडी जैसी कई शैलियों में काम किया और दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। फिलहाल ऑस्कर के ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट में उनका नाम शामिल न होने को लेकर चर्चा जारी है, लेकिन हेमा मालिनी का मानना है कि धर्मेंद्र के लिए दर्शकों का प्यार ही सबसे बड़ा पुरस्कार था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *