रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में मंगलवार को तीसरे दिन का खेल खत्म हुआ। जम्मू-कश्मीर पहली बार रणजी ट्रॉफी फाइनल खेलने से 83 रन दूर है। पहली पारी में 26 रन से पिछड़ने के बाद जम्मू-कश्मीर ने बंगाल की दूसरी पारी को 99 रन पर समेट दिया। अब मैच जीतने के लिए उसे चौथी पारी में 126 रन बनाने हैं। दिन खेल खत्म होने तक उसने 2 विकेट खोकर 43 रन बना लिए हैं। इससे पहले मोहम्मद शमी ने करियर का बेस्ट प्रदर्शन करते हुए 90 रन देकर 8 विकेट लिए। उनकी घातक गेंदबाजी के दम पर बंगाल ने जम्मू-कश्मीर को 302 रन पर ऑलआउट कर 26 रनों की बढ़त बनाई। लेकिन फिर जम्मू-कश्मीर की पेस तिकड़ी ने पलटवार किया और बंगाल की टीम 99 रन पर ढेर हो गई। 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। जम्मू-कश्मीर के लिए आकिब नबी डार और सुनील कुमार ने 4-4 विकेट लिए। वहीं युद्धवीर सिंह चरक ने 2 विकेट झटके। वहीं, लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे पहले सेमीफाइनल में कर्नाटक के कप्तान देवदत्त पडिक्कल ने डबल सेंचुरी लगाई। उनकी 232 रन की पारी की बदौलत कर्नाटक ने पहली पारी में 736 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में उत्तराखंड के 149 रन पर विकेट गिर गए हैं। इस सीजन में शानदार फॉर्म में शमी
मोहम्मद शमी रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में अब तक कुल 36 विकेट ले चुके हैं। इससे पहले उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 16 विकेट लिए थे। विजय हजारे ट्रॉफी में भी उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 विकेट हासिल किए थे। शमी लगभग एक साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर हैं। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच 9 मार्च को चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। दूसरा सेमीफाइनल
कल्याणी के बंगाल क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड में बंगाल और जम्मू-कश्मीर के बीच दूसरा सेमीफाइनल खेला जा रहा है। सोमवार को मैच का तीसरा दिन चल रहा है। पहली पारी में बंगाल ने 328 रन बनाए थे। बंगाल के लिए सुदीप कुमार घरामी ने 146 रन की शतकीय पारी खेली थी। जम्मू-कश्मीर के लिए आकिब नबी डार ने 5 विकेट लिए, जबकि सुनील कुमार ने 3 विकेट झटके। इसके जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम 302 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। कप्तान पारस डोगरा (58) और अब्दुल समद (82) ने फिफ्टी लगाकर बंगाल को बड़ी लीड लेने से रोका। बंगाल को पहली पारी में 26 रन की बढ़त मिली। बंगाल के लिए शमी ने 8 और मुकेश कुमार ने 2 विकेट लिए। इसके बाद जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाजों ने 25.1 ओवर में 99 रन के स्कोर पर बंगाल की पारी रोक दी। जम्मू-कश्मीर को जीते के लिए 126 रन का टारगेट मिला है। जम्मू-कश्मीर ने 43 रन पर 2 विकेट गंवा दिए हैं। दोनों विकेट आकाशदीप सिंह ने लिए। पहला सेमीफाइनल
पहला सेमीफाइनल लखनऊ के इकाना स्टेडियम में कर्नाटक और उत्तराखंड के बीच खेला जा रहा है। कर्नाटक ने पहली पारी में 736 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान देवदत्त पड्डिकल ने डबल सेंचुरी लगाते हुए 232 रनों की पारी खेली। वहीं केएल राहुल ने 141 रन बनाए। उत्तराखंड के लिए आदित्य रावत ने 4 और मयंक मिश्रा ने 3 विकेट लिए। इसके जवाब में उत्तराखंड ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 149 रन पर 5 विकेट खो दिए हैं।
