59 दिनों से लापता कन्हैया की तलाश तेज, 7 राज्यों में रांची पुलिस की SIT की बड़ी कार्रवाई |

59 दिनों से लापता कन्हैया की तलाश तेज, 7 राज्यों में रांची पुलिस की SIT की बड़ी कार्रवाई |

रांची :
झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी क्षेत्र से लापता 12 वर्षीय कन्हैया कुमार की सकुशल बरामदगी को लेकर रांची पुलिस ने जांच तेज कर दी है। 59 दिनों से बच्चे का कोई सुराग नहीं मिलने के बाद पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने झारखंड समेत देश के सात राज्यों में एक साथ छापेमारी शुरू की है।

पुलिस को इस मामले में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से सक्रिय मानव तस्करी गिरोह से कनेक्शन मिलने की आशंका है। इसी आधार पर बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और दिल्ली सहित कई राज्यों में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

कई जिलों में एक साथ कार्रवाई

झारखंड में रांची जिले के सिल्ली थाना क्षेत्र के टुटकी गांव, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला और पलामू में पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। वहीं बिहार के औरंगाबाद, राजस्थान के जयपुर, मुंबई, कोलकाता और दिल्ली में भी संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

मानव तस्करी गिरोह से जुड़ते सुराग

जांच के दौरान सिल्ली थाना क्षेत्र के टुटकी गांव से पांच से छह गुलगुलिया परिवारों के सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस मानव तस्करी गिरोह का नाम पहले धुर्वा से लापता बच्चों अंश-अंशिका मामले में सामने आया था, उसी गिरोह का नेटवर्क कन्हैया के मामले से भी जुड़ता नजर आ रहा है।

SIT का नेतृत्व और मॉनिटरिंग

रांची पुलिस की SIT का नेतृत्व ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर कर रहे हैं। टीम में सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश कुमार सिंह समेत कई डीएसपी और थानों के प्रभारी शामिल हैं। पूरे ऑपरेशन की निगरानी खुद रांची के एसएसपी राकेश रंजन कर रहे हैं।

परिवार की बढ़ती बेचैनी

उधर, कन्हैया की मां शांति देवी और परिजन लगातार बेटे की राह देख रहे हैं। बेटे की याद में मां बार-बार भावुक हो जा रही है और जल्द सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठी है।

सूचना देने पर इनाम की घोषणा

कन्हैया की तलाश को लेकर ओरमांझी थाना पुलिस ने चुटुपालू टोल प्लाजा के पास और अंतरराज्यीय बसों में गुमशुदगी से जुड़े पोस्टर लगाए हैं। पुलिस ने कन्हैया के बारे में पुख्ता जानकारी देने वाले को उचित इनाम देने की घोषणा की है। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *