रांची: राजधानी रांची के रातू रोड स्थित इंद्रपुरी रोड-1 में वार्ड पार्षद अशोक यादव के कार्यालय के सामने एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिला है। मृतक की पहचान सुमित वर्मा उर्फ “टकला” के रूप में हुई है। शव एक कमरे में रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखा और तुरंत इसकी सूचना सुखदेवनगर पुलिस को दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला हो सकता है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सुखदेवनगर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। कुछ लोगों का दावा है कि प्रेम संबंधों के कारण उसकी हत्या कर दी गई और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। पूरी सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

हत्या के मामलों में रहा था शामिल
सुमित वर्मा उर्फ टकला पर पहले से दो हत्याओं का आरोप था। उसने 17 वर्ष की उम्र में अपने बचपन के दोस्त अंकुश शर्मा की हत्या कर दी थी। इस वारदात में उसने पत्थर से कूचकर बेरहमी से हत्या की थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर रिमांड होम भेजा गया था। एक साल बाद उसे बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में स्थानांतरित कर दिया गया।
जेल से छूटने के बाद उसने दोबारा एक और हत्या को अंजाम दिया। इस बार उसने अपने ही दोस्त अविनाश कुमार को छुरा मारकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जाता है कि इस हत्या के पीछे नशे को लेकर हुआ विवाद था।
जेल से बेल पर आया था बाहर
मृतक सुमित वर्मा कुछ महीने पहले ही बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से जमानत पर रिहा हुआ था। बताया जा रहा है कि उसका एक लड़की से प्रेम संबंध था, लेकिन उस लड़की के किसी और के साथ भी संबंध थे। आशंका जताई जा रही है कि प्रेमिका ने अपने दूसरे प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए कमरे में रस्सी से लटका दिया। फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है और सच्चाई का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।