रांची: झारखंड की मुख्य सचिव अब स्कोडा सुपर्ब कार का उपयोग करेंगी। इसके अलावा, उनके काफिले में दो महिंद्रा बोलेरो न्यू टॉप मॉडल भी जोड़े जाएंगे। प्रशासी पदवर्ग समिति ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस समिति के अध्यक्ष मुख्य सचिव होते हैं, जबकि विकास आयुक्त, कार्मिक सचिव, वित्त सचिव और योजना विकास सचिव इसके सदस्य हैं। समिति ने मुख्य सचिव के कारकेड में दो नई महिंद्रा बोलेरो शामिल करने की अनुशंसा की है।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई टोयोटा कैमरी को उनके काफिले में शामिल करने की सिफारिश की गई है। साथ ही, पुराने और निष्प्रयोज्य वाहनों को नीलाम कर उनकी राशि कोषागार में जमा करने का निर्णय लिया गया है।

वाहनों की खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। यदि जेम पोर्टल पर वाहन उपलब्ध नहीं होते हैं, तो वित्त विभाग द्वारा अधिसूचित झारखंड प्रोक्योरमेंट ऑफ गुड्स एंड सर्विस मैनुअल के तहत नियमानुसार खरीद प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
इसके अलावा, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) के लिए एक टोयोटा वेलफायर वाहन खरीदने की भी अनुशंसा की गई है। प्रशासी पदवर्ग समिति ने इस वाहन की खरीद को भी मंजूरी दी है।