रांची/पटना।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब बिहार की सियासत में भी एंट्री कर चुके हैं। वे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही “वोटर अधिकार यात्रा” में शामिल होंगे।

सीएम हेमंत के पटना पहुंचने की जानकारी झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरूआ ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की। उन्होंने लिखा— “जोहार बिहार… मुख्यमंत्री का बिहार दौरा एक नए दौर की शुरुआत करेगा। समस्त बिहारवासियों को झारखंडी जोहार।”
कई मायनों में अहम है सीएम हेमंत का बिहार दौरा
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हेमंत सोरेन की यह मौजूदगी विपक्षी एकता को नई मजबूती देगी। राहुल गांधी की इस यात्रा को INDI गठबंधन के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
सीएम हेमंत का शामिल होना न सिर्फ विपक्षी दलों की एकजुटता का संकेत है, बल्कि यह आदिवासी, दलित और अल्पसंख्यक वोट बैंक को साधने की एक अहम रणनीति भी मानी जा रही है।
बिहार चुनाव से पहले विपक्ष को बढ़त
राजनीतिक हलकों का कहना है कि बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए विपक्षी दलों की यह कवायद बेहद अहम है। हेमंत सोरेन की मौजूदगी से विपक्षी दलों की रणनीति को नई धार मिलेगी और इससे एनडीए के खिलाफ माहौल बनाने में मदद मिल सकती है।

