दुमका में सनकी प्रेमी का कहर: प्रेमिका के घर घुसकर माता-पिता की हत्या, बहनें घायल

दुमका में सनकी प्रेमी का कहर: प्रेमिका के घर घुसकर माता-पिता की हत्या, बहनें घायल

दुमका (झारखंड): दुमका जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सनकी प्रेमी ने आधी रात प्रेमिका के घर घुसकर उसके माता-पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, उसने प्रेमिका और उसकी नाबालिग बहन पर भी हमला किया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

धारदार हथियार से हमला, दो की मौत

यह घटना शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सुंदराफलान गांव में रविवार देर रात 2 से 3 बजे के बीच हुई। आरोपी ने प्रेमिका के पिता साहेब हेम्ब्रम (63) और मां मंगली किस्कु (60) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने बड़ी बेटी हीरामुनि हेम्ब्रम (25) और छोटी बहन बेनी हेम्ब्रम (17) पर भी हमला किया। दोनों घायल बहनों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को दुमका फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घर के अंदर बिखरे सामान और खून के धब्बे उस खौफनाक रात की गवाही दे रहे थे।

दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ पाया गया है। आरोपी युवक पाकुड़ जिले का रहने वाला है और दिव्यांग है। पुलिस घटना की हर एंगल से जांच कर रही है।

फेसबुक पर हुई थी दोस्ती

जानकारी के अनुसार बड़ी बेटी की युवक से पहचान फेसबुक पर हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। लेकिन जब परिवार को युवक के दिव्यांग होने का पता चला तो उन्होंने शादी से इंकार कर दिया। बाद में युवती ने भी उससे दूरी बना ली। इसी बात से नाराज़ होकर आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

गांव में मातम का माहौल

घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों का कहना है कि साहेब हेम्ब्रम और मंगली किस्कु शांत स्वभाव के लोग थे, लेकिन बेटी के प्रेम संबंध को लेकर परिवार में तनाव की चर्चा पहले भी होती रही थी। अब इस त्रासदी ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *