रांची: राजधानी रांची के लालपुर इलाके में स्थित ओम गर्ल्स हॉस्टल में चल रहे देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 20 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिनमें से 13 आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार लड़कियों से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे भी हुए हैं।
कोलकाता से होता था लड़कियों का सप्लाई
लालपुर थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि इस रैकेट से जुड़े कई लोग अभी फरार हैं। पूछताछ में पता चला है कि कोलकाता का सुमोन दा यहां लड़कियों की सप्लाई करता था। इनमें कुछ लड़कियां झारखंड की भी हैं। इन लड़कियों को होटल सनराइज के मैनेजर रंजीत, मुनीर, रवि, राहुल और लॉज संचालक द्वारा ग्राहकों तक पहुंचाया जाता था।
लॉज के ग्राउंड फ्लोर पर चलता था धंधा
पुलिस की एफआईआर के मुताबिक, ओम लॉज के ग्राउंड फ्लोर पर इस देह व्यापार का संचालन होता था। लॉज संचालक राज कुमार सिंह इन लड़कियों को कमरे उपलब्ध कराता था और इसके लिए प्रति कमरे 400 रुपये प्रतिदिन किराया वसूलता था। चौंकाने वाली बात यह है कि लॉज के पहले और दूसरे तल पर छात्राएं रहती थीं, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर इस धंधे को अंजाम दिया जाता था ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
छापेमारी के दौरान मचा हड़कंप
जब पुलिस सूचना के आधार पर छापेमारी करने पहुंची, तो छात्राओं ने सहयोग किया, लेकिन ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद लड़कियां पुलिस को देखते ही दरवाजा बंद कर भागने लगीं। हालांकि मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से अधिकतर लड़कियां पश्चिम बंगाल, कुछ झारखंड और कुछ ओडिशा की रहने वाली हैं। उनके मोबाइल फोन की जांच में ग्राहकों के नाम, संपर्क नंबर और लेन-देन की जानकारी मिली है।
मुख्य आरोपी फरार
फिलहाल दलाल और लॉज संचालक फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

