Ranchi/Hazaribagh:
झारखंड में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के भाई अंकित राज की संपत्तियों को जब्त कर लिया है। ईडी की इस कार्रवाई में हजारीबाग जिले में फैली 13.24 एकड़ जमीन और 1.01 करोड़ रुपये की कीमत का मकान शामिल है।
ईडी की जांच में खुलासा हुआ है कि अंकित राज ने यह पूरी संपत्ति अवैध बालू कारोबार से हुई कमाई से खरीदी थी। एजेंसी ने बताया कि उसने हजारीबाग के अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर जमीन खरीदी और इस दौरान नकद व बैंक ट्रांजैक्शन के जरिए पैसे खर्च किए ताकि अवैध कमाई को वैध साबित किया जा सके।
1 करोड़ रुपये की कीमत का मकान भी जब्त
वर्ष 2021 में अंकित राज ने मौजा केंटोनमेंट में आठ डिसमिल जमीन 75 लाख रुपये में खरीदी थी। इस जमीन पर बाद में 26 लाख रुपये की लागत से पक्का मकान बनाया गया। यानी कुल मिलाकर मकान और जमीन की कीमत 1.01 करोड़ रुपये बैठती है, जिसे अब ईडी ने अपने कब्जे में ले लिया है।
कुल 13.24 एकड़ जमीन जब्त
ईडी ने अपनी जांच में पाया कि अंकित राज ने हजारीबाग के कई इलाकों में 13.24 एकड़ जमीन खरीदी थी, जिसमें कृषि योग्य और आवासीय दोनों तरह की संपत्तियां शामिल हैं। इन संपत्तियों की कुल खरीद पर लगभग 2.85 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। इनमें से कुछ जमीनें नकद में खरीदी गईं जबकि कुछ बैंक ट्रांजैक्शन के जरिए।
ईडी ने अंकित राज की दो फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को भी जब्त कर लिया है।
जब्त संपत्ति के प्रमुख लोकेशन:
- मौजा जोरदाग – 53.5 डिसमिल
- मौजा सदमपुर – 89.16 डिसमिल
- मौजा बहोरनपुर – 73 डिसमिल
- मौजा केंटोनमेंट – 8 डिसमिल जमीन व मकान
- मौजा बाभनबी – 11.65 डिसमिल
- मौजा सिरकी – 4 डिसमिल
- मौजा नया खाप – 20.69 डिसमिल
- मौजा केरेडारी – 36 डिसमिल
- मौजा हुपाड़ – 14 डिसमिल
ईडी का कहना है कि अवैध कारोबार से खरीदी गई संपत्ति पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

