कोडरमा में दर्दनाक बस हादसा: रांची जा रही बस पलटी, 11 यात्री घायल — तीन की हालत गंभीर |

कोडरमा में दर्दनाक बस हादसा: रांची जा रही बस पलटी, 11 यात्री घायल — तीन की हालत गंभीर |

Koderma News:
झारखंड के कोडरमा जिले के सतगांवां थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 4:30 बजे अंगार मोड़ के पास एक यात्री बस तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में 11 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।


तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अत्यधिक रफ्तार से चल रही थी। जैसे ही वाहन अंगार मोड़ जैसे तीखे मोड़ पर पहुंचा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत राहत-बचाव कार्य में जुट गए।


सागर बस रांची की ओर थी रवाना

जानकारी के मुताबिक, ‘सागर बस’ प्रतिदिन सतगांवां से रांची के बीच चलती है। हादसे के वक्त बस रांची की ओर जा रही थी। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सतगांवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कोडरमा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।


घायलों की सूची

दुर्घटना में घायल यात्रियों में सचिन कुमार, रानी देवी, ब्रह्मदेव यादव, अंकित कुमार, रामस्वरूप यादव, काजल कुमारी, रिया कुमारी, दीपक कुमार, राहुल प्रियदर्शी, राजेश कुमार और ललिता कुमारी शामिल हैं। इनमें से कई छात्र हैं जो पढ़ाई के लिए रांची और हजारीबाग जा रहे थे।


एसआई भी हुए घायल

इस हादसे में सतगांवां थाना में तैनात एसआई अरविंद सिंह भी घायल हुए हैं। वे ट्रेनिंग के लिए कोडरमा जा रहे थे। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।


जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस की रफ्तार सामान्य से कहीं अधिक थी, और चालक ने अंगार मोड़ जैसे खतरनाक मोड़ पर गति कम नहीं की, जिससे यह हादसा हुआ।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *