रांची, 13 अक्टूबर: दीपावली और छठ महापर्व के दौरान राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण को लेकर झारखंड पुलिस ने पूरी तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में डीजीपी अनुराग गुप्ता ने आज शाम 4 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है।
इस उच्चस्तरीय बैठक में सभी जोन के आईजी, रेंज डीआईजी और जिलों के एसपी शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता स्वयं डीजीपी अनुराग गुप्ता करेंगे।
बैठक का उद्देश्य
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के दौरान राज्य में शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करना और किसी भी अपराधिक गतिविधि या असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखना है।
बताया जा रहा है कि यह बैठक फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के विशेष अनुरोध पर आयोजित की जा रही है। व्यापारी वर्ग ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य पुलिस से अतिरिक्त सतर्कता बरतने का आग्रह किया था।
जिलों के SP को दिए गए निर्देश
बैठक से पहले डीजीपी ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिलों में चेंबर ऑफ कॉमर्स प्रतिनिधियों के साथ बैठक करें।
इसका उद्देश्य स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं, सुझावों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को जानना और उन्हें मुख्य बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान प्रस्तुत करना है।
त्योहारों में शांति और सुरक्षा पर फोकस
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली और छठ पर्व के दौरान भीड़-भाड़ वाले बाजारों, पूजा स्थलों और सार्वजनिक जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही, संवेदनशील इलाकों में ड्रोन सर्विलांस और सीसीटीवी मॉनिटरिंग की भी व्यवस्था की जाएगी।

