Ranchi:
झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि पूर्व डीजीपी के खिलाफ तत्काल उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित की जाए।
मरांडी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से सीएम पर सीधा निशाना साधते हुए कहा,
“अगर आपने अनुराग गुप्ता के खिलाफ जांच नहीं बैठाई, तो याद रखिए — ऐसे कई लोग आपके आस-पास हैं जो डर दिखाकर आपको आगे भी ब्लैकमेल करते रहेंगे। एक बार हिम्मत दिखाइए।”
उन्होंने यह भी लिखा कि झारखंड के इतिहास में अनुराग गुप्ता जैसा भ्रष्ट डीजीपी कभी नहीं रहा। मरांडी ने एक वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार में शामिल एक बड़े राजनीतिक दल के पूर्व मंत्री का वीडियो इस बात का प्रमाण है कि गुप्ता को हटाने की बात पहले से चल रही थी।
“जब आपका ही बनाया व्यक्ति विरोधी बन गया”
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वह लंबे समय से पूर्व डीजीपी की कथित अवैध नियुक्ति और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर आवाज उठा रहे थे। उन्होंने कहा,
“सदन से लेकर सड़क तक मैंने आवाज उठाई, लेकिन सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया। मामला अदालत तक गया, फिर भी आप अपनी जिद पर अड़े रहे। जब वही व्यक्ति, जिसे आपने बढ़ावा दिया, आपके खिलाफ साजिश करने लगा, तब आपकी आंखें खुलीं।”
मरांडी ने मांग की कि अनुराग गुप्ता के कार्यकाल की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए ताकि पूरे सच का खुलासा हो सके।
“जांच हुई तो पुलिस विभाग के कई कारनामे सामने आएंगे”
मरांडी ने झारखंड की नौकरशाही में व्याप्त भ्रष्टाचार पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य में कई आईएएस अफसरों पर कार्रवाई हुई और कुछ जेल भी गए, लेकिन किसी भ्रष्ट आईपीएस या पुलिस अफसर पर कभी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा,
“अगर ईमानदारी से जांच कराई गई तो यह साफ हो जाएगा कि कुछ पुलिस अधिकारियों ने राज्य में भ्रष्टाचार का ऐसा नेटवर्क बना रखा है, जो आम जनता के भरोसे को खत्म कर रहा है।”

