धनबाद: केंदुआडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिलने से हड़कंप मच गया। घटना पुराने थाना परिसर में बने जर्जर बीसीसीएल क्वार्टर की है। मृतक की पहचान न्यू सब्जी मंडी निवासी सुमन कुमार साव (26 वर्ष) के रूप में की गई है। वह मोबाइल की दुकान चलाता था।
स्थानीय लोगों ने जैसे ही शव को देखा, तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची केंदुआडीह पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। अचानक हुई इस घटना से परिवार सहित पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात सुमन अपने कुछ दोस्तों के साथ उसी क्वार्टर में बैठकर खाना-पीना कर रहा था। इस दौरान उसने काफी शराब पी थी। नशा अधिक होने पर वह वहीं सो गया, जबकि उसके साथी घर चले गए।
मंगलवार सुबह आसपास के लोगों ने देखा कि वह क्वार्टर के अंदर पतले कपड़े के सहारे फंदे पर लटका हुआ है।
एएसआई सुनील कुमार चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या प्रतीत होता है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना की सही वजह सामने आ सके।

