Patna: बिहार की राजनीति एक बार फिर बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। सत्ता के समीकरण साफ हो चुके हैं और नई सरकार के गठन की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। नीतीश कुमार को जेडीयू विधायक दल ने औपचारिक रूप से अपना नेता चुन लिया है। दोपहर में एनडीए की बैठक में उनके नाम को सर्वसम्मति से मंजूरी दी जाएगी, जिसके बाद राज्यपाल द्वारा उन्हें सरकार बनाने का निमंत्रण भेजा जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, 20 नवंबर को गांधी मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, साथ ही लगभग 20 मंत्री भी पद व गोपनीयता की शपथ लेंगे। इस बार मंत्रिमंडल में जेडीयू और भाजपा के अलावा एनडीए के सहयोगी दलों के विधायकों को भी प्रतिनिधित्व दिए जाने की मजबूत संभावना है।
सहयोगी दलों को भी प्रतिनिधित्व
मिल रही जानकारी के अनुसार, जेडीयू और भाजपा से 8-8 मंत्री बनाए जा सकते हैं। लोजपा (रामविलास) से दो, हम (HAM) से एक और रालोमो से एक विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल करने की तैयारी है।
जेडीयू की तरफ से अधिकतर अनुभवी चेहरों की वापसी तय मानी जा रही है, जबकि भाजपा की ओर से नए और पुराने नेताओं का संतुलन साधा जाएगा। भाजपा इस बार महिलाओं और युवा विधायकों को भी विशेष तौर पर मौका दे सकती है।
भाजपा कोटे से जिन नामों की सबसे अधिक चर्चा है, उनमें सम्राट चौधरी, नितिन नवीन, विजय कुमार सिन्हा और नीतीश मिश्रा सबसे प्रमुख हैं। जेडीयू की ओर से विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र यादव और श्रवण कुमार जैसे वरिष्ठ नेता लगभग फ़ाइनल माने जा रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कैबिनेट सिर्फ सत्ता संतुलन ही नहीं, बल्कि आने वाले लोकसभा चुनावों में एनडीए की रणनीति को भी मजबूत करेगा।
भाजपा की संभावित सूची
- सम्राट चौधरी
- विजय कुमार सिन्हा
- प्रेम कुमार
- कृष्ण कुमार ऋषि
- राम कृपाल यादव
- संगीता कुमारी
- अरुण शंकर प्रसाद
- मिथिलेश तिवारी
- नीतिन नवीन
- वीरेंद्र कुमार
- रमा निषाद
- मनोज शर्मा
- कृष्ण कुमार मंटू
बीजेपी कोटे से संभावित मंत्री
भाजपा के अंदर चर्चा है कि इस बार दो डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे — सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के नाम सबसे आगे हैं।
इसके अलावा नीतीश मिश्रा, नीतिन नवीन, प्रेम कुमार, रामकृपाल यादव, रमा निषाद, कृष्ण कुमार ऋषि और मिथिलेश तिवारी के नाम भी लगभग तय माने जा रहे हैं।
जेडीयू कोटे के संभावित मंत्री
जेडीयू में इस बार ज़्यादातर पुराने अनुभवी चेहरे दिखाई देंगे।
पक्के माने जाने वाले नाम:
- विजय कुमार चौधरी
- अशोक चौधरी
- श्रवण कुमार
- विजेंद्र यादव
इसके अलावा शीला मंडल, लेशी सिंह, और श्याम रजक के भी कैबिनेट में शामिल होने की संभावना है।
जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का नाम भी चर्चा में है, जबकि अल्पसंख्यक समुदाय से जमा खान के मंत्री बनने की बात सामने आ रही है।
नीतीश कुमार की नई टीम में अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच संतुलन बनाने पर जोर होगा। साथ ही सामाजिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

