Hazaribagh: डिजिटल युग में ऑनलाइन शादी के निमंत्रण भेजने का चलन तेजी से बढ़ा है, लेकिन साइबर अपराधी इसी ट्रेंड का फायदा उठाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। हजारीबाग जिले में डिजिटल शादी कार्ड के नाम पर साइबर फ्रॉड का चिंताजनक मामला सामने आया है, जिसमें ठग APK फ़ाइल भेजकर लोगों के मोबाइल हैक कर बैंक खातों से पैसे उड़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि धोखेबाज व्हाट्सऐप पर “डिजिटल वेडिंग कार्ड” के रूप में APK फ़ाइल भेजते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति इस फ़ाइल को खोलता है, उसका मोबाइल अचानक बंद या हैंग हो जाता है। फोन रीस्टार्ट होने के बाद डिवाइस पर साइबर अपराधियों का पूरा कंट्रोल हो सकता है, जिससे बैंक अकाउंट खाली होने का खतरा बढ़ जाता है।
केरेडारी के पुरनी पेटो गांव में एक ऐसा मामला सामने आया, जहां नारायण यादव के व्हाट्सऐप से उनके परिचितों और अलग-अलग ग्रुपों पर शादी कार्ड की संदिग्ध फाइल भेजी गई। कई लोगों ने फाइल खोलने की कोशिश की, जिसके बाद उनके फोन करीब आधे घंटे तक हैंग रहे। पूछताछ में नारायण यादव ने बताया कि उन्होंने ऐसा कोई मैसेज नहीं भेजा—उनका WhatsApp अकाउंट हैक कर लिया गया।
हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, QR कोड या APK फाइल को न खोलें। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे लिंक तुरंत डिलीट करें, वरना साइबर अपराधी आपके मोबाइल, बैंक खाते और व्यक्तिगत डेटा को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

