रांची: शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल पहाड़ी मंदिर के आसपास अतिक्रमण को लेकर रांची नगर निगम (RMC) ने मंगलवार को बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान मंदिर के मुख्य द्वार और आसपास के इलाकों से अनधिकृत दुकानें, टीन शेड, पक्के प्लेटफॉर्म समेत कई अवैध संरचनाओं को हटाया गया।
नगर निगम की ओर से बताया गया कि यह कार्रवाई श्रद्धालुओं की भीड़, लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम और आवागमन में आ रही परेशानियों को ध्यान में रखते हुए की गई है।
क्यों लगाया गया जुर्माना?
नगर निगम के अनुसार, पहाड़ी मंदिर क्षेत्र में कुल 40 दुकानों को विधिवत आवंटन की अनुमति दी गई थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि कुछ दुकानदारों ने तय सीमा से आगे बढ़कर दुकानें फैला ली थीं।
नियमों के उल्लंघन के मामले में 33 दुकानों पर ₹25,000-₹25,000 का जुर्माना लगाया गया।
अतिक्रमण हटाने के दौरान कई दुकानों का सामान भी जब्त किया गया और दुकानदारों को दोबारा अवैध कब्जा न करने की सख्त चेतावनी दी गई है।
आगे क्या है नगर निगम की योजना?
रांची नगर निगम अब पहाड़ी मंदिर के आसपास लगभग 27 एकड़ क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इसके तहत:
- पूरे मंदिर परिसर की स्थलीय मापी और ड्रोन सर्वे कराया जाएगा
- सर्वे रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि कौन-सी जमीन पर अवैध कब्जा है
- यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नए पार्किंग स्थलों के निर्माण की भी योजना है
दुकानदारों की प्रतिक्रिया
इस कार्रवाई के बाद कुछ दुकानदारों ने आर्थिक नुकसान की बात कही है। उनका कहना है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानें हटाना मुश्किल हो गया है और इससे रोज़गार पर असर पड़ा है।
हालांकि, नगर निगम का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि इलाके को साफ-सुथरा, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाना है।
— रिपोर्ट: प्राची आनंद

