धनबाद:
झारखंड के धनबाद में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। धनबाद थाना क्षेत्र के झारुडीह इलाके में शराब पार्टी के बाद अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। आरोप है कि पूर्व कांग्रेस नेता सुरेश सिंह हत्याकांड के गवाह देवेंद्र सिंह ने अपने ही अपार्टमेंट में रहने वाले एक दंपति पर गोली चला दी।
हालांकि फायरिंग में पति-पत्नी बाल-बाल बच गए, लेकिन गोली पास में खड़ी एक गाड़ी में जा लगी, जिससे अपार्टमेंट परिसर में अफरातफरी मच गई।
शराब के नशे में फायरिंग का आरोप
पीड़ित दंपति की पत्नी के अनुसार, गुरुवार रात देवेंद्र सिंह अपने चार से पांच दोस्तों के साथ फ्लैट में शराब पी रहे थे। इसके बाद वे नीचे तल्ले पर आए और बिना किसी वजह के गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान देवेंद्र सिंह ने अचानक पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी।
बताया गया कि गोली राकेश झा के कान के पास से गुजर गई, जबकि उनके पीछे उनकी पत्नी खड़ी थीं। दोनों किसी तरह जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहे।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर मनोज कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक क्षतिग्रस्त गाड़ी को जब्त कर थाना ले गई है।
फायरिंग के बाद आरोपी देवेंद्र सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके फ्लैट और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका।
आरोपी की तलाश में छापेमारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद झारुडीह इलाके और अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के बीच भय का माहौल बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

