भारत सरकार के माननीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे की अध्यक्षता में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य कंपनी के वर्तमान कार्य निष्पादन, भविष्य की योजनाओं एवं रणनीतिक प्राथमिकताओं की विस्तृत समीक्षा करना था।
इस महत्वपूर्ण बैठक में कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, CCL के सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) श्री अनुप हंजुरा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान मंत्री श्री दुबे ने कोयला उत्पादन की प्रगति, परिचालन दक्षता, खनन सुरक्षा मानकों के अनुपालन, पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहलों तथा चल रही और प्रस्तावित परियोजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने वर्तमान वित्तीय वर्ष की कार्ययोजनाओं के साथ दीर्घकालिक रणनीति, नवाचार एवं तकनीकी सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया।
मंत्री ने देश के ऊर्जा क्षेत्र में CCL के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षित, सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल खनन को प्राथमिकता देते हुए ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, भविष्य की चुनौतियों से निपटने तथा कोयला क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने हेतु समन्वित प्रयासों पर भी विशेष बल दिया गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे ने माननीय पलामू सांसद श्री वी.डी. राम की उपस्थिति में राजहरा कोलियरी के नवसंचालन का उद्घाटन किया था। इस कोलियरी के पुनः संचालन से पलामू क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को लाभ मिलेगा और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

