चतरा से दिव्यांग किशोरी लापता, सूचना देने पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित |

चतरा से दिव्यांग किशोरी लापता, सूचना देने पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित |

Chatra News: चतरा जिले से 15 वर्षीय दिव्यांग किशोरी लापता। पुलिस ने सूचना देने पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। तलाश के लिए ड्रोन से सर्च ऑपरेशन जारी।

चतरा: झारखंड के चतरा जिले से एक 15 वर्षीय दिव्यांग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। गिद्धौर थाना क्षेत्र के गांगपुर गांव की रहने वाली मुन्नी कुमारी उर्फ रानू कुमारी 28 दिसंबर 2025 से रहस्यमयी हालात में घर से गायब है। किशोरी के पिता का नाम निर्मल राणा बताया गया है।

परिजनों के अनुसार, मुन्नी शारीरिक रूप से पैर से दिव्यांग है और मानसिक रूप से भी कमजोर है, जिससे उसकी सुरक्षा को लेकर परिवार और प्रशासन दोनों चिंतित हैं। परिजनों ने 31 दिसंबर को गिद्धौर थाना में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दी थी, लेकिन आरोप है कि शुरुआती दिनों में मामले पर गंभीरता नहीं दिखाई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब तलाश तेज कर दी है। इलाके के जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। कई पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी और पूछताछ कर रही हैं, हालांकि अब तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

पुलिस ने किशोरी के बारे में जानकारी देने वाले के लिए 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि अगर किसी को भी बच्ची के संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।

परिजनों का कहना है कि हाल के दिनों में रांची समेत अन्य इलाकों में लापता बच्चों के मामलों को देखते हुए किसी गिरोह की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि बच्ची की सुरक्षित बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *