रांची: झारखंड आंदोलन के प्रणेता और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को आज शाम करीब 5 बजे विशेष विमान से दिल्ली से रांची लाया जाएगा। इस संबंध में जानकारी झामुमो के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता विनोद पांडेय ने दी है।
एयरपोर्ट से सीधे आवास और फिर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा पार्थिव शरीर
विनोद पांडेय ने बताया कि पार्थिव शरीर को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची से सीधे गुरुजी के आवास ले जाया जाएगा। मंगलवार, 5 अगस्त को शिबू सोरेन के अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को झारखंड विधानसभा और झामुमो पार्टी कार्यालय में आम जनता और कार्यकर्ताओं के लिए रखा जाएगा।
नेमरा गांव में होगा अंतिम संस्कार
अंतिम दर्शन के बाद पार्थिव शरीर को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव, जो गुरुजी का पैतृक निवास है, वहां ले जाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा। झारखंड भर से हजारों की संख्या में नेता, कार्यकर्ता और आम नागरिक अंतिम विदाई में शामिल होने की उम्मीद है।
झारखंड सरकार ने घोषित किया राजकीय शोक
दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद झारखंड सरकार ने 4 से 6 अगस्त तक तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान सभी सरकारी भवनों पर झंडा आधा झुका रहेगा और किसी भी सरकारी कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा।
गुरुजी का निधन आज सुबह दिल्ली में हुआ
गौरतलब है कि शिबू सोरेन का आज सुबह दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में निधन हो गया। वे किडनी और ब्रेन स्ट्रोक जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थे और पिछले कई दिनों से वेंटिलेटर पर थे।

