रांची (झारखंड):
झारखंड के महान आदिवासी जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 125वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को रांची के कोकर स्थित समाधि स्थल पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी उपस्थित रहीं। उन्होंने भी श्रद्धा-सुमन अर्पित कर धरती आबा को नमन किया। राज्यसभा सांसद महुआ माजी और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी समाधि स्थल पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी।

बता दें कि भगवान बिरसा मुंडा, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के एक प्रथम आदिवासी शहीद थे, जिन्होंने महज 25 वर्ष की उम्र में ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ उलगुलान छेड़ा था। आज भी वे आदिवासी अस्मिता और संघर्ष के प्रतीक माने जाते हैं।
