Bihar Elections 2025: भोजपुरी स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने 20 अक्टूबर को काराकाट विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने हलफनामे में अपनी संपत्ति और निजी जानकारियां साझा कीं, जिनमें एक दिलचस्प बात सामने आई — उन्होंने पति के नाम की जगह “ख्याति प्राप्त भोजपुरी कलाकार” लिखा है।
पति के नाम का नहीं किया जिक्र
ज्योति सिंह ने अपने हलफनामे में वैवाहिक स्थिति के कॉलम में खुद को “परित्यक्त नारी” बताया है। यानी उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अब अपने पति पवन सिंह से अलग रह रही हैं। उन्होंने पिता के नाम पर ही निर्भरता जताई और पति का नाम सीधे तौर पर उल्लेख नहीं किया।
18.80 लाख की कुल संपत्ति
ज्योति सिंह के हलफनामे के अनुसार, उनके पास कुल 18 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति है। इसमें 80 हजार रुपये नकद, एक ग्रैंड विटारा कार (कीमत करीब ₹14 लाख), और लगभग 30 ग्राम सोने के आभूषण (कीमत ₹4 लाख) शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले पांच सालों में उनकी संपत्ति में कोई वृद्धि नहीं हुई है।
“अब जनता ही मेरी पार्टी है”
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में ज्योति सिंह ने कहा, “अब जनता ही मेरी पार्टी है। मैं किसी राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि जनता के सहयोग से चुनाव लड़ रही हूं।”
हालांकि कुछ दिनों पहले चर्चा थी कि वे जनसुराज पार्टी से चुनाव लड़ेंगी, लेकिन टिकट न मिलने के बाद उन्होंने स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरने का फैसला किया।
गौरतलब है कि पवन सिंह के भी काराकाट से चुनाव लड़ने की चर्चा थी, लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से स्पष्ट किया कि वे इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। अब उनकी पत्नी ज्योति सिंह स्वतंत्र रूप से जनता के बीच अपनी उम्मीदवारी पेश कर रही हैं।

