बोकारो में गुरुकुल पब्लिक स्कूल पर हमला, सीसीटीवी काटकर अपराधियों ने फूंकीं 3 बसें और एक वाहन |

बोकारो में गुरुकुल पब्लिक स्कूल पर हमला, सीसीटीवी काटकर अपराधियों ने फूंकीं 3 बसें और एक वाहन |

बोकारो के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में गुरुकुल पब्लिक स्कूल में अज्ञात अपराधियों ने आगजनी कर तीन स्कूल बसें और एक टाटा मैजिक जला दी। सीसीटीवी के तार काटकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस जांच में जुटी।

बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र स्थित गुरुकुल पब्लिक स्कूल में बीती रात अज्ञात अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से आगजनी की गंभीर घटना को अंजाम दिया। इस हमले में स्कूल परिसर में खड़ी तीन स्कूल बसें और एक टाटा मैजिक वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।

स्कूल निदेशक कृष्ण गोपाल पाण्डेय के अनुसार, रात करीब 10 बजे कुछ लोग स्कूल परिसर में दाखिल हुए। सबसे पहले उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद स्कूल में तैनात चौकीदार देवी लाल के कमरे और आवासीय कक्ष की कुंडी बाहर से बंद कर दी गई।

इसके बाद अपराधियों ने परिसर में खड़े वाहनों में आग लगा दी। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में 55 सीटर, 53 सीटर और 43 सीटर की तीन स्कूल बसें तथा एक टाटा मैजिक पूरी तरह जलकर खाक हो गए। ये सभी वाहन रोजाना छात्रों के परिवहन में उपयोग किए जाते थे, जिससे स्कूल की परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

निदेशक कृष्ण गोपाल पाण्डेय ने बताया कि स्कूल के सभी वाहनों का बीमा कराया गया है, लेकिन इस घटना से स्कूल को भारी आर्थिक नुकसान के साथ-साथ शैक्षणिक कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। लोगों ने स्कूल परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *