देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र में AK-47 राइफल से अचानक ब्रस्ट फायरिंग होने पर JAP-5 के हवलदार शिवपूजन पाल की मौके पर मौत हो गई। राइफल चार्जिंग के दौरान हुआ हादसा, पुलिस ने जांच शुरू की।
Deoghar:
देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। झारखंड आर्म्ड पुलिस (JAP-05) के हवलदार की अपनी AK-47 सर्विस राइफल से हुई अचानक ब्रस्ट फायरिंग के कारण मौत हो गई। यह हादसा सुबह लगभग 11 बजे हुआ।
मृतक जवान की पहचान हवलदार शिवपूजन पाल, निवासी भभुआ (बिहार), के रूप में हुई है। वह JAP-5 में हवलदार के पद पर तैनात थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हवलदार शिवपूजन पाल अपनी AK-47 राइफल की शूटिंग रिंग को चार्ज कर रहे थे। इसी दौरान राइफल अनियंत्रित हो गई और अचानक ब्रस्ट मोड में फायरिंग शुरू हो गई। लगातार निकली 6 से 7 गोलियाँ सीधे हवलदार की गर्दन और ऊपरी हिस्से में लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर थाना पुलिस टीम तुरंत कैंप पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है और राइफल के मैकेनिज्म को भी परीक्षण हेतु भेजा गया है।
पुलिस और JAP अधिकारियों की मानें तो सभी प्रक्रियाएँ नियम के तहत पूरी की जा रही हैं और घटना को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

