देवघर: झारखंड के देवघर जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सारठ प्रखंड के रानीगंज गांव में एक पति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी गर्भवती पत्नी की धारदार टांगी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान खुशी देवी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना देर रात की है। सारठ थाना पुलिस गश्त के दौरान घटना स्थल पर पहुंची और आरोपी पति बसंत मोहली को हिरासत में ले लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध कबूल कर लिया है।
बसंत मोहली ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी खुशी देवी अक्सर उससे झगड़ा करती थी। इसी बात से परेशान होकर उसने गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दिया।
परिजनों का आरोप है कि बसंत मोहली और उसके परिवार ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, बसंत मोहली और खुशी देवी की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। उनका एक पांच साल का बेटा भी है और खुशी दूसरी बार गर्भवती थी।

