धनबाद में सनसनी: महिला का सड़ा-गला शव 5 दिन तक फ्लैट में रखा, बदबू से हुआ खुलासा |

धनबाद में सनसनी: महिला का सड़ा-गला शव 5 दिन तक फ्लैट में रखा, बदबू से हुआ खुलासा |

धनबाद के गोविंदपुर स्थित वास्तु विहार सोसाइटी में 40 वर्षीय महिला का 5 दिन पुराना शव फ्लैट से बरामद। परिजनों की भूमिका पर उठे सवाल, पुलिस जांच जारी।

धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित कौआबांध के वास्तु विहार सोसाइटी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक फ्लैट के अंदर 40 वर्षीय महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान लिपिका कुमारी के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला की मौत करीब पांच दिन पहले हो चुकी थी, लेकिन हैरानी की बात यह है कि परिजन उसी फ्लैट में शव के साथ रह रहे थे। इस दौरान न तो पुलिस को सूचना दी गई और न ही अंतिम संस्कार की कोई व्यवस्था की गई।

बताया जा रहा है कि लिपिका कुमारी वर्ष 2022 से अपने परिवार के साथ इस फ्लैट में रह रही थीं। पुलिस को शक है कि महिला की मौत 8 अप्रैल के आसपास हुई होगी। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

घटना का खुलासा तब हुआ जब फ्लैट से लगातार आ रही बदबू ने आसपास के लोगों को परेशान कर दिया। पहले लोगों ने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन जब बदबू असहनीय हो गई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट का दरवाजा खुलवाया। अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। महिला का शव बुरी तरह सड़ चुका था। पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस घटना के बाद परिजनों की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *