रांची/दुमका: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन का आज सुबह निधन हो गया। 81 वर्ष की आयु में उन्होंने दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से पूरे झारखंड और देश में शोक की लहर दौड़ गई है।
गुरुजी के निधन की पुष्टि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (Twitter) पर शिबू सोरेन के निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने इसे व्यक्तिगत और राजनीतिक रूप से अपूरणीय क्षति बताया। उनके निधन की सूचना मिलते ही दुमका स्थित खिजुरिया आवास पर झारखंड मुक्ति मोर्चा का ध्वज झुका दिया गया। पार्टी कार्यकर्ता शोकाकुल हैं और राज्यभर में शोक सभा का आयोजन हो रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुःख, हेमंत सोरेन से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिशोम गुरु के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें एक सशक्त जननेता बताया। पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फोन पर बातचीत कर इस कठिन समय में सांत्वना भी दी।

लंबे समय से बीमार चल रहे थे दिशोम गुरु
जानकारी के अनुसार, शिबू सोरेन को 19 जून 2025 को किडनी से जुड़ी समस्याओं के चलते दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ, जिससे उनकी हालत और गंभीर हो गई। कई दिनों तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद उन्होंने आज सुबह अंतिम सांस ली।
झारखंड ने खोया एक युगद्रष्टा नेता
झारखंड राज्य की स्थापना, आदिवासी आंदोलन और सामाजिक न्याय की आवाज के रूप में शिबू सोरेन को याद किया जाएगा। उनका राजनीतिक और सामाजिक योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।