नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच हाल के दिनों में टैरिफ और रूस से तेल खरीद जैसे मुद्दों पर तनाव की खबरों के बीच अब रिश्तों में नरमी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक दोस्ताना पोस्ट साझा किया और भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत बताते हुए ट्रंप का धन्यवाद किया।
पीएम मोदी ने लिखा, “भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी व्यापक, सकारात्मक और भविष्य की ओर देखने वाली है। मैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भावनाओं और हमारे रिश्तों के सकारात्मक आकलन की सराहना करता हूं। हमारे बीच यह संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और मैं राष्ट्रपति ट्रंप का तहे दिल से धन्यवाद करता हूं।”

ट्रंप ने क्या कहा था?
व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच ‘विशेष संबंध’ हैं और चिंता की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा प्रधानमंत्री मोदी का दोस्त रहूंगा। वह एक शानदार प्रधानमंत्री हैं। कभी-कभी ऐसे पल आते हैं, जब मतभेद सामने आते हैं, लेकिन हमारे संबंध मजबूत और स्थायी हैं।”
ट्रंप का यह बयान भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव को कम करने वाला माना जा रहा है। इसके बाद ही पीएम मोदी ने ट्रंप की सराहना करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते भविष्य में और मजबूत होंगे।

