Ranchi/Dumka: दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही गांव में शनिवार देर रात एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति, पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सबसे पहले खेत में पति का शव देखा गया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली, तो अंदर महिला और दोनों बच्चों के शव भी पाए गए। बताया गया कि महिला और बच्चों के गले में रस्सी बंधी हुई थी, जिससे प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
फिलहाल पति की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है, क्योंकि उसका शव घर से कुछ दूरी पर खेत में मिला है। पुलिस दोनों एंगल—हत्या और आत्महत्या—को ध्यान में रखते हुए व्यापक जांच कर रही है।
चारों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है।

