गिरिडीह। जिले के भरकट्टा ओपी क्षेत्र में बीती रात एक बड़ी डकैती की वारदात सामने आई है। चिताखारो गांव स्थित सीएससी संचालक संजय वर्मा के घर पर गुरुवार की देर रात हथियारबंद डकैतों ने धावा बोलकर करीब साढ़े चार लाख रुपये की संपत्ति लूट ली। इस दौरान अपराधियों ने परिवार को रिवाल्वर की नोक पर बंधक बना लिया।
जानकारी के मुताबिक, संजय वर्मा अपने घर में सीएससी सेंटर और जनरल स्टोर चलाते हैं। बुधवार रात रोजाना की तरह उन्होंने दुकान बंद की और परिवार के साथ सोने चले गए। रात करीब एक बजे, अचानक मुख्य दरवाजा तोड़कर छह नकाबपोश डकैत घर में घुस आए।
डकैतों ने संजय वर्मा, उनकी पत्नी और छोटे बेटे पर बंदूक तानकर सभी को कमरे में बंधक बना दिया। इसके बाद अपराधी घर में रखी ढाई लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने, और एक ड्रोन कैमरा लेकर फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि सभी डकैत हिंदी में बात कर रहे थे और पूरी वारदात को महज कुछ ही मिनटों में अंजाम देकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ धनंजय राम और ओपी प्रभारी अमन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने रातभर आसपास के इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया और अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी जांच व सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस ने जल्द अपराधियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया है।

