जमशेदपुर (झारखंड): पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोड़िसा गांव में मॉब लिंचिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शुक्रवार देर रात ग्रामीणों ने बकरी चोरी के आरोप में दो युवकों को पकड़कर पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में दम तोड़ दिया।
बकरी चोरी के दौरान पकड़ाए आरोपी
मृतकों की पहचान किंशुक बेहरा उर्फ लाल (35) और भोलानाथ महतो (34) के रूप में हुई है। किंशुक कुचियासोली पंचायत के कुसमाटी गांव का निवासी था, जबकि भोलानाथ महतो जीरापाड़ा गांव से था। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 1 बजे दोनों युवक कुछ अन्य साथियों के साथ जोड़िसा गांव के हरगोविंद नायक के घर में चोरी करने घुसे थे।

घुंघरू की आवाज बनी मौत की वजह
घर में घुसी एक बकरी के गले में बंधे घुंघरू की आवाज से गृहस्वामी की नींद खुल गई। जैसे ही उन्होंने घर में हलचल देखी, चोर भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने दो को पकड़ लिया। इसके बाद रातभर दोनों युवकों की पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही चाकुलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अवर निरीक्षक कविंद्र कुमार पोद्दार के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कई लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मॉब लिंचिंग में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
गांव में तनाव, प्रशासन अलर्ट
इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से कानून हाथ में न लेने की अपील की है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है। मॉब लिंचिंग की यह घटना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।