जमशेदपुर, झारखंड:
सिदगोड़ा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 26 वर्षीय युवक का शव सोमवार सुबह सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पाया गया। मृतक की पहचान कृष्णा नगर, गौड़ बस्ती निवासी विशाल महतो के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, विशाल रविवार रात लगभग 11 बजे यह कहकर घर से निकला था कि वह सूर्य मंदिर की सजावट में भाग लेने जा रहा है। उसने घर वालों से यह भी कहा था कि देर रात फोन कर वापस लौटेगा। लेकिन रात करीब 1 बजे जब उसके पिता विकास महतो ने कॉल किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था।
सोमवार तड़के सुबह लगभग 5 बजे पुलिस की ओर से सूचना दी गई कि विशाल महतो का शव रोड नंबर 1 के पास पड़ा हुआ मिला है। घटनास्थल पर उसका मोबाइल भी बरामद किया गया है।
परिजनों ने इस घटना को हत्या बताया है और प्रशासन से निष्पक्ष जांच व न्याय की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सकते में हैं।
