झारखंड ATS की बड़ी सफलता: अपराधी मयंक सिंह आजरबैजान से प्रत्यर्पित होकर रांची पहुंचा

झारखंड ATS की बड़ी सफलता: अपराधी मयंक सिंह आजरबैजान से प्रत्यर्पित होकर रांची पहुंचा

रांची। झारखंड एटीएस (Anti Terrorist Squad) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वांछित अपराधी मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा का आजरबैजान से प्रत्यर्पण कर टीम शनिवार सुबह रांची लेकर पहुंची।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात एयरपोर्ट पर प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई, जो करीब आधे घंटे से अधिक समय तक चली। औपचारिकताओं के बाद एटीएस की टीम मयंक सिंह को लेकर फ्लाइट से दिल्ली होते हुए रांची पहुंची।

सुबह करीब 9 बजे रांची एयरपोर्ट पर एटीएस की टीम मयंक को लेकर उतरी, जहां से उसे कड़ी सुरक्षा के बीच एटीएस मुख्यालय लाया गया। पूछताछ के बाद मयंक सिंह को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार भेजा जाएगा और आज ही उसे अदालत में पेश किया जाएगा।


झारखंड पुलिस का पहला सफल प्रत्यर्पण

झारखंड एटीएस के एसपी ऋषव कुमार झा ने बताया कि दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं। उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस के इतिहास में यह पहला सफल प्रत्यर्पण है।

एसपी झा ने उम्मीद जताई कि विदेश में छिपे अन्य अपराधियों को भी जल्द ही प्रत्यर्पण या निर्वासन के जरिए वापस लाया जाएगा। उन्होंने इसे झारखंड पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सफलता पुलिस महानिदेशक, मुख्यमंत्री और राज्य व केंद्र सरकार के सहयोग से संभव हो सकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *