रांची: आगामी दुर्गा पूजा 2025 और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रांची उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में 18 सितंबर 2025 को एक अहम अंतर-विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिजली विभाग, पथ निर्माण विभाग और पेय जल एवं स्वच्छता विभाग के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति, भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा इंतजाम, फायर सेफ्टी मानकों का पालन और शहर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

पूजा पंडालों में निर्बाध बिजली आपूर्ति और फायर सेफ्टी के निर्देश
उपायुक्त ने साफ कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की बिजली संबंधित घटना न हो, इसके लिए सभी पूजा पंडालों में अवैध कनेक्शन पर रोक, खुले तारों को हटाने और फायर सेफ्टी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
शहर में सभी मैनहोल और नालियों पर स्लैब लगाने का आदेश
भीड़-भाड़ के बीच हादसों से बचने के लिए उपायुक्त ने शहर के सभी प्रमुख पूजा पंडालों के आसपास और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर मैनहोल और नालियों पर स्लैब लगाने के निर्देश दिए।
मेले में झूला संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश
दुर्गा पूजा के दौरान लगने वाले झूला और मेलों में भी उचित बिजली कनेक्शन और सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया गया।
सफाई सुपरवाइजर की नियुक्ति और सीसीटीवी लगाने पर जोर
पूजा पंडालों और भीड़ वाले इलाकों में सफाई व्यवस्था के लिए सफाई सुपरवाइजर की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए काटा टोली फ्लाईओवर पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का प्रमाण पत्र जरूरी
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी दुर्गा पूजा समितियां प्रशासन द्वारा तय सुरक्षा मानकों का प्रमाण पत्र प्राप्त करें और उसका पालन सुनिश्चित करें।

