झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस महेश शरद चंद्र सोनक तीन दिन के दौरे पर जमशेदपुर पहुंचे। प्रोटोकॉल के तहत गार्ड ऑफ ऑनर, विभिन्न संस्थानों और न्यायालयों का करेंगे निरीक्षण।
जमशेदपुर | झारखंड:
झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस महेश शरद चंद्र सोनक शुक्रवार को तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर जमशेदपुर पहुंचे। सुबह करीब 11 बजे उनके शहर आगमन पर स्थानीय परिसदन में प्रोटोकॉल के तहत गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
अधिकारियों ने किया स्वागत
इस अवसर पर जिला प्रधान एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उनके साथ हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा भी मौजूद रहे।
सांस्कृतिक अंदाज में स्वागत
चीफ जस्टिस के स्वागत में स्थानीय बालिकाओं ने झारखंड की पारंपरिक संस्कृति को दर्शाते हुए छऊ नृत्य और नगाड़ा-ढोल के साथ प्रस्तुति दी, जिससे कार्यक्रम का माहौल विशेष बन गया।
विभिन्न संस्थानों का दौरा
अपने कार्यक्रम के तहत चीफ जस्टिस सोनक ने सोनारी स्थित ट्राइबल कल्चर सोसाइटी के ट्राइबल म्यूजियम का दौरा किया। इसके अलावा साकची के कॉइन म्यूजियम, बिष्टुपुर स्थित रूसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस और टेल्को क्षेत्र में टाटा मोटर्स प्लांट का भी निरीक्षण प्रस्तावित है।
प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल गौरव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष, एसडीओ अर्णव मिश्रा, डीटीओ धनंजय सहित कई न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
अन्य जिलों का भी करेंगे दौरा
तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत चीफ जस्टिस जमशेदपुर के अलावा घाटशिला, सरायकेला, चाईबासा, चक्रधरपुर और नोवामुंडी का भी दौरा करेंगे। इस दौरान सरायकेला और चाईबासा के न्यायालयों का निरीक्षण भी उनके कार्यक्रम में शामिल है।

