Ranchi News | Jharkhand News Today:
झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन (62) के आकस्मिक निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन समेत कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर भावुक होते हुए लिखा – “ऐसे छोड़कर नहीं जाना था रामदास दा… अंतिम जोहार दादा…”
राज्यपाल संतोष गंगवार का शोक संदेश
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का अचानक जाना झारखंड के लिए “एक अपूरणीय क्षति” है। उन्होंने परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए लिखा –
“मैं अत्यंत मर्माहत हूं। ईश्वर शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।”
चंपाई सोरेन ने जताया दुख
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और रामदास सोरेन के पुराने साथी चंपाई सोरेन ने कहा –
“शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन की खबर से व्यथित हूं। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। अंतिम जोहार।”
विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा – ‘झामुमो और झारखंड के लिए दोहरी क्षति’
सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने भी सोशल मीडिया पर शोक प्रकट किया। उन्होंने लिखा –
“झामुमो और झारखंड राज्य के लिए यह दोहरी क्षति असहनीय है। आदरणीय रामदास सोरेन जी का निधन झारखंडियत के लिए बड़ी हानि है। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति दें।”
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के ट्वीट को भी री-ट्वीट किया और इस कठिन घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।