रांची: प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत झारखंड को 2,22,069 नए आवासों की स्वीकृति मिली है। यह जानकारी केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने सोमवार को दी। उन्होंने इस आवंटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया।
अन्नपूर्णा देवी ने बताया कि उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की, जहां उन्हें इस स्वीकृति से संबंधित आधिकारिक पत्र सौंपा गया। उनके अनुसार, यह आवास ‘अंतिम आवास + 2018 सर्वेक्षण सूची’ में शामिल पात्र परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा, “यह फैसला झारखंड के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए ऐतिहासिक है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सभी के लिए आवास’ के संकल्प को और मजबूती देगा।”
केंद्र सरकार ने 2024-25 से 2029 तक ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती आवास आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए योजना का विस्तार किया है। इस विशेष आवंटन को लेकर अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि यह झारखंड के वंचित और गरीब परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगा।

