रांची: झारखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। झारखंड पुलिस मुख्यालय की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल जनवरी से जून 2025 के बीच राज्य में 3078 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 2478 लोगों की जान चली गई। औसतन हर दिन 17 हादसे हो रहे हैं और 14 लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, रांची, गिरिडीह, हजारीबाग, गुमला और पलामू जिले सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों के मामले में सबसे आगे हैं। चिंताजनक बात यह है कि राज्य के 19 जिलों में सड़क हादसों में होने वाली मौतों की संख्या पिछले साल की तुलना में बढ़ी है। वहीं, रांची समेत पांच जिलों में मामूली कमी आई है।
मौत के आंकड़ों में बढ़ोतरी
पुलिस आंकड़ों के मुताबिक, साल 2024 में जनवरी से जून के बीच 2166 लोगों की मौत हुई थी, जबकि साल 2025 में इसी अवधि में यह आंकड़ा बढ़कर 2478 हो गया।
जिलेवार सड़क हादसे और मौत के आंकड़े (जनवरी–जून 2025)
| जिला | हादसे | मौतें |
|---|---|---|
| रांची | 408 | 286 |
| गुमला | 150 | 136 |
| लोहरदगा | 58 | 51 |
| सिमडेगा | 83 | 82 |
| खूंटी | 100 | 91 |
| जमशेदपुर | 166 | 117 |
| चाईबासा | 117 | 114 |
| सरायकेला | 125 | 107 |
| पलामू | 170 | 135 |
| गढ़वा | 100 | 72 |
| लातेहार | 83 | 65 |
| हजारीबाग | 195 | 163 |
| रामगढ़ | 126 | 107 |
| कोडरमा | 58 | 42 |
| चतरा | 84 | 77 |
| गिरिडीह | 194 | 180 |
| धनबाद | 208 | 118 |
| बोकारो | 169 | 125 |
| दुमका | 134 | 122 |
| देवघर | 121 | 86 |
| जामताड़ा | 45 | 41 |
| गोड्डा | 72 | 64 |
| पाकुड़ | 43 | 42 |
| साहेबगंज | 69 | 55 |
कुल मिलाकर, छह महीनों में 3078 सड़क हादसे और 2478 मौतें दर्ज की गईं, जो सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चेतावनी है।

