रांची: झारखंड में मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 16 से 18 जून के बीच मानसून संताल परगना के रास्ते राज्य में प्रवेश कर सकता है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी है कि इस बार मानसून की स्थिति अनुकूल रहने की संभावना है, जिससे पूरे झारखंड में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि मानसून 16 जून तक ओडिशा पहुंच सकता है और इसके बाद दो दिनों के भीतर झारखंड में दस्तक देगा।
इसके अलावा, 14 जून से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की शुरुआत हो सकती है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने और आंधी-तूफान चलने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 14 जून से पूरे झारखंड के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान वज्रपात की आशंका के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
लोगों से अपील: मौसम विभाग ने बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।