रांची, झारखंड। राज्य में लगातार चार दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण डैम और नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। शनिवार सुबह कोडरमा स्थित तिलैया डैम का पानी खतरे के निशान से ऊपर चला गया, जिसके बाद एहतियातन डैम के पांच फाटक खोल दिए गए।
फाटक खोलने के बाद आसपास के निचले इलाकों में पानी का स्तर बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, हजारीबाग और कोडरमा जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
धुर्वा डैम के सभी गेट खुले
राजधानी रांची के धुर्वा डैम में भी क्षमता से अधिक पानी भर जाने के कारण सभी फाटक खोल दिए गए। इसके चलते भुसर नदी पर बने डोरंडा पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है।
उधर, स्वर्णरेखा नदी भी उफान पर है। नामकुम-चुटिया रोड स्थित पुल के ऊपर से पानी गुजरने की वजह से यातायात प्रभावित हो गया है। भारी बारिश ने जगन्नाथपुर रोड को भी नुकसान पहुंचाया है, जहां सड़क पर दरार आ गई है। वहीं, पिस्कानगड़ी इलाके में रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब गिरने से सड़क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है।
जमशेदपुर और सरायकेला में खतरे के आसार
जमशेदपुर में भी स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। वहीं, चांडिल डैम लगभग भर चुका है। यदि अगले एक-दो दिन तक बारिश का यही क्रम जारी रहा, तो चांडिल डैम के फाटक भी खोलने पड़ सकते हैं।
इस स्थिति ने जमशेदपुर और सरायकेला जिले के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है।