चाईबासा (झारखंड): झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। भाकपा (माओवादी) संगठन के सदस्यों ने देर रात सारंडा जंगल के छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव में स्थित एक एयरटेल मोबाइल टावर को आग के हवाले कर दिया।
रातभर दहशत में रहे ग्रामीण
ग्रामीणों के अनुसार, करीब दर्जनभर हथियारबंद नक्सली रात के अंधेरे में गांव पहुंचे और स्थानीय लोगों को घरों से बाहर न निकलने की चेतावनी दी। इसके बाद उन्होंने टावर पर लगे बैटरी और पैनल उपकरणों में आग लगा दी। कुछ ही पलों में टावर धधक उठा और पूरे क्षेत्र में लपटें दिखाई देने लगीं।
आग लगने के बाद उपकरणों के फटने से लगातार धमाकों जैसी आवाजें आती रहीं, जिससे ग्रामीण पूरी रात दहशत में रहे।
धमाकों की आवाज से कांपा इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब एक बजे तक आसपास के क्षेत्र में तेज धमाकों और धुएं के गुबार से माहौल भयावह बना रहा। टावर के आसपास की बिजली की तारें जलकर टूट गईं और संचार व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई।
पोस्टर छोड़ पुलिस को दी खुली चुनौती
घटना के बाद नक्सलियों ने मौके पर कई पोस्टर और पर्चे भी चिपकाए, जिनमें उन्होंने अपने मारे गए साथियों की मौत का बदला लेने की चेतावनी दी है। पोस्टरों में ‘ऑपरेशन कगार’ का विरोध करते हुए 8 से 14 अक्टूबर तक प्रतिशोध सप्ताह मनाने और 15 अक्टूबर को बड़े हमले की चेतावनी दी गई है।
नक्सलियों ने लिखा है कि पुलिस हमारे साथियों का खून बहा रही है और अब “उसी अंदाज में बदला लिया जाएगा।”
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। चाईबासा पुलिस ने घटनास्थल से पोस्टर और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही जिम्मेदार नक्सलियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

