झारखंड में 18 सितंबर तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी। रांची समेत 16 जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी से भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने सतर्क रहने की अपील की।
रांची: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश से फिलहाल राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 16 जिलों में 18 सितंबर तक भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में रविवार से लगातार बारिश हो रही है, जो आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है।
16 जिलों के लिए अलर्ट जारी
आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, रांची, बोकारो, धनबाद, खूंटी और रामगढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 16 सितंबर की सुबह 8:30 बजे से 18 सितंबर तक इन जिलों में मौसम बिगड़ने की आशंका है।
चक्रवाती हवाओं का असर
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, चक्रवाती हवाओं और ट्रफ लाइन के असर से झारखंड के बड़े हिस्से में लगातार तीन दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। रविवार दोपहर से रांची में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार शाम 5:30 बजे तक रांची में 30.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने सभी जिलों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है और निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

