Ranchi Weather Update: झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम बिगड़ा रहेगा। भारत मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
झारखंड के इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
आईएमडी के अनुसार, गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा और हजारीबाग जिलों में भारी बारिश का अंदेशा है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मानसून की वापसी के बाद 1 से 3 अक्टूबर तक राज्य में सामान्य 11.7 मिमी की तुलना में 46 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश जामताड़ा जिले के करमाटांड में हुई, जहां 73.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
5 और 6 अक्टूबर को इन जिलों में बरसेंगे बादल
- 5 अक्टूबर: गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़ और गोड्डा जिलों में भारी बारिश की संभावना।
- 6 अक्टूबर: गोड्डा, साहिबगंज, दुमका और पाकुड़ में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में झारखंड के कई हिस्सों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
येलो अलर्ट वाले जिले
गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा और हजारीबाग को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है, जबकि कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची और लोहरदगा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
गुरुवार को राजधानी रांची समेत कई इलाकों में भारी बारिश देखी गई थी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 और 7 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

