रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से आयोजित की जाने वाली झारखंड तकनीकी/विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 (नियमित एवं बैकलॉग) को आयोग ने तकनीकी कारणों के चलते स्थगित कर दिया है।
यह परीक्षा 9 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2025 तक आयोजित की जानी थी। लेकिन आयोग ने अचानक नोटिफिकेशन जारी कर इसे तत्काल प्रभाव से टालने की घोषणा कर दी।
JSSC की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि परीक्षा से संबंधित नई तिथियों की घोषणा जल्द ही आयोग की वेबसाइट पर की जाएगी।
परीक्षा स्थगित होने की सूचना ऐसे समय पर आई जब कई उम्मीदवार पहले से ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच चुके थे, जबकि कुछ अभ्यर्थी दूरदराज जिलों से रांची और अन्य शहरों में ठहरे हुए थे। अचानक परीक्षा रद्द होने से अभ्यर्थियों में गुस्सा और निराशा दोनों देखने को मिली।
उम्मीदवारों ने सोशल मीडिया पर भी आयोग से परीक्षा की नई तारीख जल्द जारी करने और समय पर सूचना देने की मांग तेज कर दी है।

