खरसावां: झारखंड के खरसावां जिले में बुधवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। गोलमायसाई टोला में मिट्टी के घर की दीवार अचानक गिरने से 3 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, घटना कृष्णापुर पंचायत के गोलमायसाई टोला की है। बुधवार देर रात करीब 1 बजे श्रद्धा नापित अपनी मां पूजा नापित के साथ पुराने मिट्टी के घर में सो रही थी। अचानक घर की दीवार गिर गई, जिसमें दबकर श्रद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मां को हल्की चोटें आईं, जबकि बच्ची के पिता आनंद नापित उस वक्त घर पर मौजूद नहीं थे।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सूचना मिलते ही आमदा ओपी प्रभारी रमन विश्वकर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि नायडू गोप, पूर्व मुखिया दशरथ सोय और पंचायत सदस्य भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
पुराने घर में रह रहे थे परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश और नमी के कारण मिट्टी के घर की दीवार कमजोर हो गई थी। परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नया घर स्वीकृत हुआ है, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण वे पुराने घर में ही रह रहे थे। हादसे के बाद गांव में गम का माहौल है।

