Ranchi/Kolkata: अवैध कोयला खनन और तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए एन्फोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) ने शुक्रवार को झारखंड और पश्चिम बंगाल में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों राज्यों में 40 से अधिक स्थानों पर एक साथ रेड की गई है। यह कार्रवाई उन मामलों से जुड़ी है जिनमें सरकारी खजाने को अवैध खनन और कोयला चोरी के जरिए सैकड़ों करोड़ रुपये का नुकसान पहुँचाया गया है।
छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल के एक ठिकाने से भारी मात्रा में नकदी और जेवरात बरामद होने की पुष्टि हुई है।
संयुक्त अभियान सुबह से शुरू
ED के रांची और कोलकाता जोन ने विशेष खुफिया इनपुट के आधार पर शुक्रवार सुबह इस संयुक्त ऑपरेशन की शुरुआत की। जिन स्थानों पर छापे मारे जा रहे हैं, उनमें संदिग्ध व्यक्तियों के आवास, दफ्तर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं।
झारखंड में 18 महत्वपूर्ण स्थानों पर रेड
रांची जोनल ऑफिस की टीम झारखंड में 18 प्रमुख लोकेशन्स पर कार्रवाई कर रही है। ये सभी स्थान कोयला चोरी, अवैध बिक्री और तस्करी से जुड़े गंभीर मामलों से संबंधित बताए जा रहे हैं। जिनके ठिकानों पर रेड हो रही है उनमें अनिल गोयल, संजय उद्योग, एलबी सिंह, अमर मंडल, नरेंद्र खरका सहित कई नाम शामिल हैं।
ED के अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला कारोबार और सरकारी राजस्व की भारी हानि सामने आई है।
बंगाल में 24 लोकेशन्स पर ताबड़तोड़ तलाशी
पश्चिम बंगाल में कोलकाता जोन की टीम ने 24 स्थानों पर छापेमारी शुरू की है। ये सभी ठिकाने अवैध कोयला माइनिंग, गैर-कानूनी ट्रांसपोर्टेशन और कोयले के अवैध भंडारण से जुड़े मामलों से संबंध रखते हैं।
दुर्गापुर, पुरुलिया, हावड़ा और कोलकाता में चल रही इस कार्रवाई में ED ने कैश और गोल्ड ज्वेलरी की बड़ी बरामदगी की है।
अधिकारी इस कार्रवाई को कोयला माफिया नेटवर्क पर अब तक के सबसे बड़े कदमों में से एक बता रहे हैं।

