नेपाल में भड़का हिंसक आंदोलन, काठमांडू में फंसे रांची के 12 लोग
नेपाल में बीते कुछ दिनों से जारी हिंसक विरोध प्रदर्शन ने हालात बिगाड़ दिए हैं। राजधानी रांची से गए 12 लोग काठमांडू में फंस गए हैं और कर्फ्यू के कारण सभी एक होटल के अंदर ही कैद हैं। इंटरनेट सेवा बाधित होने से लगातार संपर्क बनाए रखना भी मुश्किल हो गया है।
रोट्रेक्ट क्लब कार्यक्रम के लिए पहुंचे थे काठमांडू
रांची से गए ये सभी लोग रोट्रेक्ट क्लब ऑफ जीनिया के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए 9 सितंबर को नेपाल पहुंचे थे। कार्यक्रम 11 और 12 सितंबर को होना था, लेकिन इससे पहले ही काठमांडू में हालात खराब हो गए।
क्लब की पूर्व अध्यक्ष सलोनी अरोड़ा ने बताया कि सभी लोग पर्यटन के उद्देश्य से पहले ही काठमांडू पहुंचे थे, लेकिन अचानक वहां पर हिंसक आंदोलन शुरू हो गया और बुधवार सुबह से नेपाल आर्मी को मोर्चा संभालना पड़ा।
कर्फ्यू के बीच होटल में कैद, भारतीय दूतावास कर रहा मदद
कर्फ्यू लागू होने के बाद रांची से गए सभी 12 लोगों को होटल से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। हालांकि होटल प्रबंधन उन्हें खाने-पीने की सुविधा दे रहा है और भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इंटरनेट सेवा बंद होने से संपर्क करना मुश्किल हो गया है, लेकिन अब तक की जानकारी के अनुसार, सभी लोग सुरक्षित हैं।

