निकाय चुनाव 2026 के तहत रांची में 53 वार्डों में 909 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। आयोग ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की सूची जारी की है। मेयर और पार्षदों के खर्च की सीमा भी तय।
रांची: झारखंड में निकाय चुनाव 2026 की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। राजधानी रांची में इस बार 53 वार्डों में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, रांची में कुल 909 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
आयोग की सूची में मतदान केंद्रों को सुरक्षा के लिहाज से तीन श्रेणियों में बांटा गया है।
- सामान्य मतदान केंद्र: 271
- संवेदनशील मतदान केंद्र: 510
- अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र: 128
संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की संख्या अधिक होने से साफ है कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने विशेष सुरक्षा इंतजामों की योजना बनाई है।
राज्य में 9 नगर निगम क्षेत्र
झारखंड में कुल 9 नगर निगम क्षेत्र हैं, जिनमें रांची के अलावा मेदिनीनगर, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, धनबाद, चास, आदित्यपुर और मानगो शामिल हैं। सभी नगर निगम क्षेत्रों में एक ही चरण में मतदान कराए जाने की तैयारी है।
मेयर और पार्षदों के खर्च की सीमा तय
निर्वाचन आयोग ने मेयर और वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के लिए चुनावी खर्च की अधिकतम सीमा भी निर्धारित कर दी है।
- जनगणना 2011 के अनुसार, जिन नगर निगम क्षेत्रों की आबादी 10 लाख या उससे अधिक है, वहां मेयर प्रत्याशी 25 लाख रुपये तक और वार्ड पार्षद 5 लाख रुपये तक खर्च कर सकेंगे।
- वहीं, 10 लाख से कम आबादी वाले क्षेत्रों में मेयर प्रत्याशी 15 लाख रुपये तक और वार्ड पार्षद 3 लाख रुपये तक की राशि खर्च कर पाएंगे।
आयोग ने सभी प्रत्याशियों को निर्धारित खर्च सीमा का सख्ती से पालन करने और चुनावी खर्च का पूरा ब्यौरा देने के निर्देश दिए हैं।

