पलामू (तरहसी): झारखंड के पलामू जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां तरहसी थाना क्षेत्र के टरिया गांव में एक युवक और युवती का शव कुएं से बरामद किया गया है। मृतकों की पहचान कारू मेहता और विभा कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस को प्रथम दृष्टया यह मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत हो रहा है।
प्रेमी जोड़े की लाशें कुएं में मिलीं, हत्या के बाद शव फेंके जाने की आशंका
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कारू मेहता शनिवार से लापता था। रविवार रात, तरहसी पुलिस को सूचना मिली कि टरिया गांव के एक कच्चे कुएं में दो शव तैरते हुए दिखाई दे रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शवों को बाहर निकलवाया। बताया जा रहा है कि कुआं विभा कुमारी के घर से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है।
शवों पर मिले गहरे घाव, युवक का चेहरा और शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त
पुलिस जांच में पता चला है कि दोनों शवों पर गहरे घावों के निशान हैं। युवक कारू मेहता की आंखें क्षतिग्रस्त हैं और शरीर के कई हिस्सों पर जले हुए निशान पाए गए हैं। ऐसे में हत्या कर शवों को छिपाने की मंशा से कुएं में फेंकने की संभावना जताई जा रही है।
ऑनर किलिंग की ओर इशारा कर रही हैं शुरुआती जांच
तरहसी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध और पारिवारिक विरोध से जुड़ा हुआ लग रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, डालटनगंज भेज दिया है।
क्या होता है ऑनर किलिंग?
ऑनर किलिंग (Honor Killing) वह अपराध है जिसमें व्यक्ति को परिवार या समाज की ‘इज्जत’ बचाने के नाम पर मौत के घाट उतार दिया जाता है। इसमें अक्सर रिश्तेदार ही हत्या को अंजाम देते हैं। प्रेम विवाह, अंतरजातीय संबंध या सामाजिक परंपराओं के खिलाफ जाने को इसका कारण माना जाता है।

