Medininagar (Palamu): झारखंड के पलामू जिले के मनातू जंगल में रविवार को सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी (TPC) के बीच हुई मुठभेड़ में 5 लाख के इनामी नक्सली मुखदेव यादव को ढेर कर दिया गया।

सूत्रों के अनुसार, यह मुठभेड़ उस समय हुई जब पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षाबलों को जानकारी मिली थी कि 10 लाख के इनामी टीएसपीसी कमांडर शशिकांत का दस्ता इसी इलाके में सक्रिय है। इसी इनपुट के आधार पर कोबरा, झारखंड जगुआर और अन्य सुरक्षा बलों की टीमें एक बड़े कॉम्बिंग ऑपरेशन पर निकलीं।

जैसे ही पुलिस टीम मनातू के जंगल में आगे बढ़ी, नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुखदेव यादव मारा गया। बताया जाता है कि मुखदेव यादव कई वारदातों में शामिल था और सितंबर की शुरुआत में हुई एक मुठभेड़ में भी वह मौजूद था, जिसमें दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह टीएसपीसी के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन है, जिसमें 200 से अधिक जवानों को लगाया गया। पलामू का मनातू, तरहसी और चतरा का सीमावर्ती इलाका लंबे समय से टीएसपीसी नक्सलियों का गढ़ माना जाता है।

